पकवा इनार। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद लोगों में खुशी का माहौल है। बुद्ध इंटर कॉलेज परिसर में बृहस्पतिवार को जश्न मनाया गया। इसमें सेना के समर्थन में तिरंगा लहराकर उनके जज्बे को सलाम किया गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष डाॅ. निगम मौर्य की अगुवाई में आॅपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर तिरंगा लहराया गया। देशभक्ति के नारे वंदेमातरम, भारत माता के जयकारे से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के वातावरण से ओतप्रोत हो गया।
इस दौरान लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश मिश्र, राजन मद्धेशिया, लक्ष्मीकांत नारायण त्रिपाठी, सत्येंद्र सिंह, प्रेम कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
आतंकी ठिकानों पर सेना की कार्रवाई को सराहा, मनाई खुशी: पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के विभिन्न गांव के लोगों ने बृहस्पतिवार को जुलूस निकाला। इसमें भारतीय सेना की तरफ से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हुई कार्रवाई पर खुशी जताते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और पटाखे फोड़कर प्रसन्नता जताई।
लोगों ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमला कर डिफेंस सिस्टम और टैरेरिस्ट लांचिंग पैड को ध्वस्त कर दिया। लोगों ने कौवासार, खजुरी, बिहारी छपरा, रायपुर आदि गांव में जुलूस निकालकर एक दूसरे को मिठाई खिलाई और पटाखे फोड़ कर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगए। इस दौरान अनिरूद्ध, मंटू, शंकर, जगदीश, गुलजार, सुनील, रामवतार आदि मौजूद रहे।