जीआरपी ने 60लाख रुपये की चरस के साथ युवक को गिरफ्तार किया।
- फोटो : KUSHINAGAR
जीआरपी ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ी 60 लाख की चरस
गिरफ्तार सुनील कुमार भारती पश्चिमी चंपारण जिले का निवासी
खड्डा/छितौनी। जीआरपी ने शनिवार को गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर छह किलो 88 ग्राम चरस के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले का रहने वाला है। जीआरपी को कई दिनों से इसकी तलाश थी।
पडरौना/पनियहवा जीआरपी चौकी इंचार्ज उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह की तलाश की जा रही थी। खबर मिली कि एक तस्कर चरस लेकर गोरखपुर की तरफ जा रहा है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर चार के पूर्वी छोर पर चेकिंग के दौरान इसे पकड़ लिया गया। पकड़े गए चरस की कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी तस्कर ने अपना नाम सुनील कुमार भारती पुत्र गनेश निवासी तेलुआ भारती नौतन जिला पश्चिमी चंपारण बताया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अलावा एसआई राघवेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल अशोक शर्मा, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार उपाध्याय, धीरेंद्र यादव, संजय यादव, मनोज चौधरी, उमाशंकर सिंह, इंदु प्रकाश आदि शामिल थे। गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया है।