जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार
खड्डा। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर ट्रेनों में चोरी के एक आरोपी को जीआरपी ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी को विशुनपुरा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर घोषित कर रखा है। उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
जीआरपी पड़रौना/पनियहवा प्रभारी एसआई उपेंद्र श्रीवास्तव और एसआई सुबाष चंद्र को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की नीयत से सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गया है। इसके बाद जीआरपी टीम उसके पीछे लग गई और पनियहवां से पीछा करते हुए गोरखपुर प्लेटफार्म पर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान भुटेली मुसहर गांव गौरी श्रीराम थाना विशुनपुरा (कुशीनगर) के रूप में हुई है। पूर्व में इस पर ट्रेनों में चोरी, मादक पदार्थों की तस्करी समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। चौकी प्रभारी उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि भुटेली के पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। उसको जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल छोटे लाल सिंह, संजय यादव, मनोज चौधरी, इंदु प्रकाश आदि मौजूद रहे।