मरीजों की भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग दरकिनार
पडरौना। कोरोना संकट में जिला अस्पताल की ओपीडी बंद होने से एक तरफ जहां मरीजों की परेशानी बढ़ी हुई है, वहीं इमरजेंसी कक्ष के बाहर भीड़ जुटने पर सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल भी नहीं रखा जा रहा है। ऐसे में संक्रमण बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है।
कोरोना महामारी को लेकर लॉकडाउन घोषित होने के बाद से ही सरकारी अस्पतालों में ओपीडी बंद है। केवल इमरजेंसी सेवा ही संचालित की जा रही है। सीएचसी-पीएचसी से रेफर होने के बाद जिला अस्पताल में बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों की परेशानी और बढ़ जा रही है। क्योंकि इमरजेंसी कक्ष के बाहर पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टर के मेज तक मरीजों की भीड़ लगी रह रही है। वहां मौजूद मरीजों की अपेक्षा चिकित्सकीय स्टॉफ न होने की वजह से इलाज में समय लग रहा है, जिससे मरीजों की भीड़ लग जा रहा है। वहां सोशल डिस्टेंसिंग का उपयोग न होने के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना रह रहा है।