कसया। नगर के देवरिया मार्ग के बनवारी टोला के पास शनिवार की देर शाम एक ट्रक और कार की आमने सामने भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए।
जिसमें पोता, दादा व चालक सहित तीनों की हालत गंभीर थी। आसपास के लोग घायलों को सीएचसी ले गए। यहां डाक्टरों ने पोते को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार झूम चौराहे के पास कसया की ओर से जा रही कार ओवरटेक करते समय सामने से आ रही ट्रक से भिड़ गई। जिससे कार में सवार राजेंद्र प्रसाद शर्मा (69) निवासी उमा नगर साउथ राजेंद्र चौक देवरिया और उनका पोता मृत्युंजय शर्मा (10) पुत्र सुजीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को सीएचसी कसया भिजवाया। जहां डाक्टरों ने मृत्युंजय शर्मा को मृत घोषित कर दिया। चालक दुर्गेश गुप्ता भी अस्पाल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन करते हुए कार्रवाई में जुट गई।
इस संबंध में हलका दरोगा मनोज पांडेय ने बताया कि ओवरटेक के दौरान कार की टक्कर सामने से आ रही ट्रक से हो गई। चालक सहित दादा और पोता सवार थे। पोते की मौत हो गई। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।