कुशीनगर। पुलिस लाइंस सभागार में शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गोरखपुर जोन अशोक मुथा जैन ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक केशव कुमार सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थानाध्यक्ष व शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में एडीजी ने अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, विवेचना निस्तारण और निरोधात्मक कार्यवाही जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। छठ पर्व को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए एडीजी ने कहा कि घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने मिशन शक्ति के अंतर्गत हो रही कार्यवाही की भी समीक्षा की और महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशील व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।