मधवापुर में फांसी लगाकर आत्महत्या के बाद रोते बिलखते परिजन। स्रोत सोशल मीडिया
कसया। थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में सोमवार की सुबह 45 वर्षीय राकेश चतुर्वेदी का शव छत के कुंडे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय राकेश चतुर्वेदी घर में अकेले थे। उनका परिवार कसया में किराए के क्वार्टर में दो बच्चों के साथ रहता है। वह दिल्ली में रहकर एक कोचिंग संस्थान में अध्यापन कार्य करते थे। बताया जा रहा है कि सुबह काफी देर तक फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने पर आसपास के लोग उनके घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। शक होने पर ग्रामीणों ने पीछे की खिड़की से झांककर देखा तो वह छत के कुंडे से लटके थे। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। संवाद