देवरिया। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में चल रही 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में सहारनपुर, गोरखपुर और वाराणसी के पहलवानों ने विभिन्न आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए। ओवरऑल चैंपियनशिप के परिणाम भी घोषित किए गए।
14 वर्षीय बालक वर्ग में सहारनपुर मंडल 23 अंक के साथ प्रथम, मेरठ 22 अंक के साथ द्वितीय और बरेली 11 अंक के साथ तृतीय रहा। बालिका वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर 24 अंक लेकर शीर्ष पर रहा। मुरादाबाद 21 और वाराणसी 14 अंक के साथ क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। 17 वर्षीय बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने 39 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। मेरठ 31 और गोरखपुर मंडल 27 अंक लेकर क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर 21 अंक के साथ विजेता बना, जबकि मेरठ और मुरादाबाद 15-15 अंक के साथ दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।