- एनएच-727 से कोटवा होते हुए रामपुर खुर्द तक 7.6 किमी मार्ग का होगा चौड़ीकरण, सीएचसी आने-जाने में मिलेगी सहूलियत
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचना अब आसान होगा। एनएच-727 से नौरंगिया, विशुनपुरा होते हुए कोटवा ब्लॉक मुख्यालय से रामपुर खुर्द तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को शासन ने मंजूरी दे दी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत 7.600 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग की परियोजना तैयार की है। इसके निर्माण और अनुरक्षण पर कुल 24 करोड़ 94 लाख 34 हजार रुपये खर्च होने का आकलन किया गया है। इसके सापेक्ष शासन ने 6 करोड़ 23 लाख 58 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। योजना के तहत तहसील और विकास खंड मुख्यालयों को दो लेन सड़क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। विशेषकर ब्लॉक मुख्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा पहुंचने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को सुविधा होगी। इसके अलावा आसपास के गांवों के लोगों का सफर भी सुगम होगा।
पीडब्ल्यूडी के एई मुकेश वर्मा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति मिल गई है। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।