जटहां बाजार। नेहरू स्पोर्टिंग क्लब मंसाछापर की ओर से पूर्व प्रधानाचार्य अनिरुद्ध शुक्ल की स्मृति में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच गोरखपुर व बेतिया बिहार के बीच खेला गया। इसमें गोरखपुर की टीम ने बेतिया को 1-0 से पराजित कर शील्ड पर कब्जा कर लिया।
खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने पंडित अनिरूद्घ शुक्ल की स्मृति पर पुष्पार्चन व फीता काटकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि खेल को खेल भावना के साथ प्रदर्शित करना चाहिए। संघर्ष के दम पर ही दोनों टीमे फाइनल में पहुंची। हारने वाली टीम भी एक दिन अपने संघर्षो के जरिए ऊंचाइयों को प्राप्त करती हैं।
खेल के पहले हॉफ में गोरखपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल मारकर बढ़त बना लिया। मध्यांतर के बाद दोनों टीम गोल मारने के लिए संघर्ष करती रहीं, लेकिन निर्धारित समय के भीतर कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और एक-शून्य से गोरखपुर की टीम ने बेतिया को पराजित कर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की। विजेता व उपविजेता टीम को कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने पुरस्कृत किया। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया। मैच के मुख्य निर्णायक रहमत अली रहे, जबकि उद्घोषक राकेश श्रीवास्तव रहे।
इस दौरान आयोजक राजीव मिश्र, दिनेश चौधरी, भाजपा नेता नरेंद्र तिवारी, नपा अध्यक्ष विनय जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश राणा, राजन जायसवाल, सुदर्शन पाल, प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल, सिद्धार्थ कुशवाहा, रामनरेश प्रसाद, संदीप मिश्र, पारस, दिनेश भारती, पारस यादव, मैतुल्लाह अंसारी मस्ताना, अनीस अंसारी आदि लोग मौजूद रहे।