पडरौना। एक महीने से कड़ाके की ठंड से परेशान लोगों को रविवार को धूप निकलने से राहत मिली। दिन में अच्छी धूप खिलने का असर बाजार में भी दिखा। रविवार को अवकाश का दिन होने के बावजूद बाजार में चहल-पहल दिखी। सड़कों पर भी अन्य दिनों की अपेक्षा आवागमन अधिक रहा।
दिसंबर के पहले पखवाड़े से में शीतलहर शुरू हो गई थी। समय के साथ ठंड भी बढ़ती गई। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की वजह से लोग ठंड से ठिठुरने को मजबूर हो गए। ठंड का असर बाजार पर भी खूब दिखा। शीतलहर के चलते बाजार में ग्राहकों का आना कम हो गया था। ठंड की वजह से लोग शाम पांच बजे ही घर के लिए निकल जाते थे।
मौसम के मिजाज में शनिवार को थोड़ा बदलाव दिखा और रविवार सुबह अन्य दिनों की अपेक्षा कम गलन रही। दिन में करीब 11 बजे धूप निकल गई, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। सर्दी से परेशान लोग धूप का आनंद लेने के लिए घर की छत व अन्य खुली जगहों पर पहुंच गए। खरीदारी के लिए लोगों ने बाजार का भी रुख किया। इस वजह से सड़कों पर भी चहल-पहल देखने को मिली।