कुशीनगर/तुर्कपट्टी। क्षेत्र के नोनियापट्टी तिराहे पर स्थित कोमल ज्वेलर्स एंड बर्तन स्टोर के संचालक एवं उसके पुत्र को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर लोगों एवं सराफा व्यापारियों के सोने-चांदी के आभूषण तथा रुपये लेकर भागने का आरोप है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 229.19 ग्राम सोना, 3.904 किलोग्राम चांदी, 20 हजार रुपये के अलावा नेपाली मुद्रा बरामद की है।
देवरिया जिले के सदर कोतवाली के रामगुलाम टोला के रहने वाले मोहन वर्मा (45) तथा उसका बेटा राज वर्मा (19) नोनियापट्टी चौराहे पर सराफा की दुकान चलाते थे।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मोहन वर्मा करीब सात-आठ वर्ष पूर्व देवरिया से आकर यहां कोमल ज्वेलर्स एंड बर्तन स्टोर नाम से दुकान खोली थी। वह सराफा व्यापारियों से सोने-चांदी का कारोबार करने के साथ ग्रामीणों के आभूषण गिरवी रखता था। आरोप है कि 11 मई 2026 को वह अपने पुत्र के साथ दुकान का सामान समेटकर भाग गया।
इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में पीड़ितों ने तुर्कपट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने लगभग 10 प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी में नथ, लाॅकेट, अंगूठी, मांगटीका, झुमका, मंगलसूत्र, चैन, कड़ा, बिछिया, पायल, ब्रेसलेट समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया।