पडरौना शहर में ज्वेलरी की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद
पडरौना। चांदी और सोना के दाम में कमी आई है। एक महीने से लगातार भाव बढ़ने के कारण सोना-चांदी का कारोबार मंदा चल रहा था। सराफा कारोबारियों को अधिकमास खत्म होने के बाद सहालग के सीजन में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। सराफा व्यापारियों का कहना है कि दाम घटने से ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ेगी।
कीमतों में गिरावट ने ग्राहकों के साथ सराफा व्यापारियों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी है। एक महीने से सुस्त पड़ा कारोबार अब पटरी पर लौटने की उम्मीद है। 15 जून से सहालग का सीजन शुरू हो रहा है। इससे ज्वैलरी की खरीदारी बढ़ेगी। सराफा बाजार में रविवार को 24 कैरेट सोना 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं चांदी 2.47 लाख रुपये प्रति किलो रह गई।
सराफा कारोबारी उमंग खेतान ने बताया कि मई में अक्षय तृतीया के बाद से ही सोना-चांदी के भाव लगातार बढ़ रहे थे। भाव बढ़ने के कारण ग्राहक सिर्फ जरूरत की खरीदारी कर रहे थे। अधिकमास के कारण शादियां नहीं पर हो रही थीं, इसलिए पूरे महीने कारोबार 20 से 30 प्रतिशत तक सिमट गया है। 15 जून से अधिकमास खत्म होते ही शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा।
जुलाई में 12 और अगस्त में नौ शुभ मुहूर्त हैं। आभूषण व्यापारी संजीव कुमार ने बताया कि भाव गिरने और लगन शुरू होने से बाजार में रौनक लौटेगी। पिछले साल अधिकमास के बाद 30 प्रतिशत तक बिक्री बढ़ी थी। इस बार भी वैसी ही उम्मीद है। लोग अभी से बुकिंग कराने आ रहे हैं। हल्के वजन की ज्वैलरी, चांदी के बर्तन और सिक्कों की मांग ज्यादा है। बाजार के जानकारों के अनुसार, अमेरिकी फेड रिजर्व की ब्याज दरों पर सख्ती के संकेत, डॉलर में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मुनाफावसूली से सोने-चांदी में गिरावट आई है। घरेलू बाजार में मांग कमजोर रहने से भी कीमतों पर दबाव बना है। लगन की खरीदारी करने वाले परिवारों के लिए यह सही मौका है। पडरौना की गृहिणी सुनीता देवी ने कहा कि जुलाई में बेटी की शादी है। पिछले महीने सोना बहुत महंगा था। अब दाम गिरे हैं। अभी और दाम गिरने की उम्मीद में 2-4 दिन रुककर खरीदारी करेंगे। ु