रात भर शव लेकर आरोपी के दरवाजे पर बैठे रहे मुसहर समाज के लोग
- एसडीएम और सीओ के समझाने पर माने ग्रामीण, समाप्त हुआ धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
जटहां बाजार। कटाई भरपुरवा गांव में शनिवार की शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। नाराज परिजन और ग्रामीण शव को आरोपी के दरवाजे पर रखकर पूरी रात बैठे रहे। सुबह पूर्वांचल किसान यूनियन के अध्यक्ष की अगुवाई में ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया।
लोगा आरोपी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने सहित छह सूत्री मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। एसडीएम और सीओ सदर के आश्वासन पर करीब चार घंटे बाद धरना समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया है।
कटाई भरपुरवा गांव में शनिवार की शाम तकरीबन सात बजे गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से 25 वर्षीय रोहित मुसहर की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर एसओ रामचंद्र राम भी पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किए लेकिन लोग शव पोस्टमार्टम में भेजने से मना कर दिए। वह लोग शव को आरोपी के दरवाजे पर रखकर धरना पर बैठ गए। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए मौके पर हनुमानगंज, जटहां बाजार और नेबुआ नौरंगिया की पुलिस तैनात रही।
रविवार की सुबह करीब सात बजे से पूर्वांचल किसान यूनियन के अध्यक्ष पप्पू पांडेय और मुसहर विकास मंच के लोग पहुंचे और छह सूत्री मांगों को लेकर धरना पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि आरोपी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। कृषि योग्य भूमि दी जाए। आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। सभी गरीब मुसहरों को सुरक्षा दी जाए। सर्वे कराकर सभी मुसहरों को पट्टा दिए जाने की मांग शामिल थी। दिन के करीब 11 बजे पहुंची एसडीएम खड्डा उपमा पांडेय और सीओ सदर संदीप वर्मा ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किए जाने सहित सभी मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मां बउकी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि जान बूझकर वाहन से दबाकर उनके बेटे को मार दिया गया है। उनका आरोप है कि इसके पहले भी कई बार पुरानी रंजिश को लेकर धमकी दी जा रही थी। एसओ रामचंद्र राम ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी चंद्रेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।