नेबुआ नौरंगिया। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सेखुई चौराहे पर मंगलवार की सुबह सामान खरीदकर घर लौट रही 12 वर्षीय बालिका की मैजिक की चपेट में आने से मौत हो गई। यह देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद मैजिक लेकर चालक भाग निकला। लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, इस मामले में बालिका के पिता ने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सेखुई खास निवासी उदयभान पाल की 12 वर्षीय बेटी अन्नू पाल कक्षा चार की छात्रा थी। वह अपने नाना के घर रहकर पढ़ती थी। इस बीच वह अपने घर आई थी। मंगलवार की सुबह सामान खरीदने के लिए वह गांव के चौराहे पर गई थी, जहां से सामान लेकर घर लौटने लगी। इसी दौरान वह सेखुई चौराहे पर तेज रफ्तार आ रही मैजिक की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चौराहे के लोगों ने भाग रहे मैजिक को पकड़ने के लिए काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन चालक वहां से भाग निकला। सूचना पर आई पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बालिका के पिता ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसएचओ हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मैजिक की तलाश की जा रही है।