गोडरिया बाजार में मिली जाली नोट।स्रोत-सोशल मीडिया
गोड़रिया/कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गोड़रिया बाजार में नकली नोट मिलने से हड़कंप मच गया। गड्डी में ऊपर-नीचे असली और बीच में नकली नोट मिलने की सूचना के बाद बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की गहन जांच और कार्रवाई की मांग की है।
गोड़रिया बाजार निवासी रामजीत कुमार गुप्ता ने तहरीर में बताया कि वह वाहनों के संचालन का काम करते हैं। 26 मार्च को उनकी एक गाड़ी बिहार गई थी। वापसी में वहां के एक व्यापारी ने उनके ड्राइवर धुन यादव और खलासी श्याम पटेल के माध्यम से 1.24 लाख रुपये भेजे।
रामजीत के अनुसार, जब पैसे की गिनती की गई, तो गड्डी के ऊपर और नीचे के कुछ नोट असली थे, जबकि बीच के अधिकतर नोट नकली निकले। जब संबंधित लोगों से पूछताछ की गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पीड़ित ने कहा है कि मामले की गहराई से जांच की जाए तो नकली नोटों के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विशुनपुरा थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।