प्रशासन ने दिलाया जमीन पर कब्जा, तीन हिरासत में
जटहां बाजार। थाना क्षेत्र के कंठीछपरा गांव में रविवार को एसडीएम और पुलिस की मौजूदगी में दीवार चलाकर कब्जा दिलाया गया। इस दौरान एक पक्ष के विरोध पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही।
कंठीछपरा गांव के जमुआन टोला निवासी रामजी कुशवाहा और पारस कुशवाहा के बीच एक साल से जमीन का विवाद चल रहा था। रविवार को एसडीएम रामकेश यादव एसओ संजय कुमार, राजस्व निरीक्षक राकेश लाल, लेखपाल योगेंद्र गुप्त, प्रद्युम्न राव, प्रदीप पासवान, कमलेश और महिला पुलिसकर्मियों के साथ विवादित स्थान पर पहुंचे। पारस कुशवाहा को काबिज कराने के लिए दीवार बनानी शुरू हुई। दूसरे पक्ष के रामजी कुशवाहा और उनके घर की महिलाओं ने विरोध किया तो एसडीएम के निर्देश पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस थाने भेज दिया। मौके पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में दीवार चलाई गई। एसडीएम रामकेश यादव ने बताया कि दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। इसकी पैमाइश के बाद एक पक्ष को कब्जा दिला दिया गया।