सिधावे के इंद्रपुर भगत टोला में सिलेंडर से लगा आग।स्रोत-सोशल मीडिया
कसया। तहसील क्षेत्र के सिधावे के इंद्रपुर भगत टोला में बृहस्पतिवार सुबह गैस सिलिंडर के रेगुलेटर से गैस रिसाव से लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के प्रयास के दौरान तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन झोपड़ी और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
इंद्रपुर भगत टोला के श्री कुशवाहा की बहू घर में खाना बना रही थीं। गैस सिलिंडर के रेगुलेटर से गैस का रिसाव शुरू हो गया और आग लग गई। आग ने पूरी झोपड़ी को चपेट में ले लिया। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते, तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। आग की चपेट में आने से श्री कुशवाहा की झोपड़ी जलकर गई। उसमें रखा गृहस्थी का सामान कपड़े, बर्तन, अनाज आदि नष्ट हो गए। घटना की सूचना पर भाजपा नेता संतोष सिंह मौके पर पहुंचे और राजस्व विभाग को सूचना दी। हलका लेखपाल राजन पांडेय ने क्षति का आकलन किया और तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।