पडरौना। थाना रामकोला व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चार लोगों को नकदी, तीन बाइक व चार मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर रुपये की छिनैती करने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
घटना 13 अक्तूबर की है। जिसमें रामकोला थाना क्षेत्र के निवासी मुस्तफा को बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर लौटते समय कुछ लोगों ने बातों में उलझाकर एक लाख रुपये छीनकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाने में केस दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए रामकोला थाना और स्वाट की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
पुलिस लाइंस सभागार में शनिवार को एसपी केशव कुमार ने बताया कि बीते शुक्रवार को पुलिस ने बिहार के बेतिया जिला (पंश्चिमी चंपारण) के थाना मुफसिल के गांव रानी पकड़ी निवासी मोहम्मद अली अख्तर, विनोद महतो, राजेश महतो और यहीं के लालगढ़ गांव निवासी अर्जुन प्रसाद को गिरफ्तार किया था।
बताया कि इनके पास से छिनैती व चोरी की 64,840 रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त तीन बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने बताया है कि वह सुनियोजित तरीके से बैंकों से पैसे निकालकर लौट रहे लोगों को निशाना बनाते हैं।
जिले के सेवरही, विशुनपुरा व पटहेरवा थाना क्षेत्र में पहले घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल किया है। इन लोगों के विरुद्ध रामकोला, पटहेरवा, सेवरही व विशुनपुरा थाने में भी केस दर्ज है। ये एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट व गैंगेस्टर एक्ट में अभियुक्त हैं।