पडरौना। गणेश उत्सव शुरू होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। गणपति की पूजा-अर्चना के लिए लोग पूजन सामग्री, फल, फूल और प्रसाद की खरीदारी कर रहे हैं। सबसे अधिक मांग लड्डू और ड्राई फ्रूट की है। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है।
गणेश उत्सव को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। घरों और पूजा पंडालों में गणपति की स्थापना कर श्रद्धालु पूजन में जुटे हैं। इसके साथ ही भगवान गणेश को भोग लगाने के लिए लड्डू की खरीदारी भी तेजी से हो रही है। कई दुकानदारों ने उत्सव को देखते हुए बेसन, बूंदी और मोतीचूर के लड्डू की अतिरिक्त तैयारी की है। मिठाई दुकानदार दिलीप मोदनवाल ने बताया कि गणेश उत्सव शुरू होने के बाद लड्डू की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ी है। ग्राहक छोटी मात्रा से लेकर कई किलो तक लड्डू खरीद रहे हैं। पूजा में प्रसाद के लिए ड्राई फ्रूट से बनी मिठाइयों की भी मांग है।ड्राई फ्रूट विक्रेता शिव मोहन जायसवाल ने बताया कि गणेश उत्सव में भोग और प्रसाद के लिए काजू, बादाम, किशमिश और मखाना की खरीदारी बढ़ी है। कई लोग ड्राई फ्रूट के पैकेट भी प्रसाद के रूप में बांटने के लिए ले जा रहे हैं।