फ्रंट लाइन वर्कर्स ने लगवाया कोरोना रोधी टीका
पडरौना। शुक्रवार को जिला अस्पताल के एमएमसीएच विंग सहित जिले के सीएचसी पर बने बूथों पर फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोरोना रोधी टीका लगाया गया। इसकी शुरुआत एडीएम विंध्यवासिनी राय ने जिला अस्पताल में बने बूथ पर स्वयं टीका लगवाकर की। उनके बाद कलेक्ट्रेट के कई कर्मचारियों ने टीका लगवाया। फ्रंट लाइन वर्कर्स के अलावा हेल्थ वर्कर्स को भी यह टीका लगाया गया।
सुबह 10 बजे से टीकाकरण शुरू हुआ। जिला अस्पताल स्थित एमएमसीएच (मॉडर्न मैटर्निटी एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग में एडीएम विंध्यवासिनी राय सहित कलेक्ट्रेट के कई कर्मचारी और अन्य फ्रंट लाइन वर्कर्स टीका लगवाने पहुंचे। सीएमओ डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्ता, सीएमएस डॉ. बजरंगी पांडेय, जिला कोल्ड चेन वैक्सीन के मैनेजर सत्यप्रकाश द्विवेदी सहित अन्य लोगों की देखरेख में टीकाकरण शुरू हुआ। सबसे पहले टीका एडीएम विंध्यवासिनी राय ने लगवाया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकटकाल में जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने वाले हेल्थ वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स के लिए टीकाकरण शुरू होना सरकार की दूरगामी सोच का परिणाम है। इसलिए सूची में शामिल सभी लोग टीका लगवाकर अभियान का हिस्सा बनें। टीका लगवाने के बाद एडीएम ने कार्यालय पहुंचकर कार्य भी किया।
एडीएम के बाद जिला मजिस्ट्रेट के न्याय सहायक एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बृजेश कुमार श्रीवास्तव, कलेक्ट्रेट के नाजिर राजकुमार गुप्ता, पारसनाथ, दिलीप, नीरज कुमार राय, राजेश श्रीवास्तव, रवि प्रताप राय, मनीर आलम, गोपालनाथ तिवारी, संजय श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद, देवेंद्र गुप्ता, संजय पांडेय, अविनाश, अशोक भारती, नर्वदा सिंह, संजय जायसवाल सहित कई कर्मचारियों ने टीका लगवाया। इन्हें आधा घंटा तक निगरानी कक्ष में रखा गया, जहां राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष प्रभुनंद उपाध्याय ने पहुंचकर इन कर्मचारियों का उत्साह वर्द्घन किया। एसडीएम सदर कोमल यादव ने भी पहुंचकर कोरोना रोधी टीका लगवाया। टीका लगाते समय वैक्सीनेटर के तौर पर एएनएम अंजू, संगीता, पूनम, बबिता, श्वेता पांडेय, रेनू, रमेश पटेल, अमन सहित सुरक्षाकर्मी तैनात थे। जिला अस्पताल सहित कप्तानगंज, दुदही, कसया, कुबेरस्थान और तमकुहीराज सीएचसी पर भी फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण हुआ। इन अस्पतालों में कुल 1821 लोगों को टीका लगाया जाना था। इनमें 1012 हेल्थ वर्कर्स तथा 809 फ्रंट लाइन वर्कर्स का नाम शामिल था।
पुलिस, सफाई और राजस्वकर्मियों को लगा टीका
कुबेरस्थान। सीएचसी कुबेरस्थान पर बने तीनों बूथों पर पुलिस, सफाई और राजस्वकर्मियों सहित 375 फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया। चयनित लाभार्थियों को मोबाइल फोन से मैसेज भेजा गया था। टीकाकरण के दौरान नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. पीएन सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद, यूनिसेफ के पीयूष मिश्र, डब्ल्यूएचओ के अनुभव तथा वैक्सिनेटर रश्मि सिंह, सुभावती देवी व नीलम पाल आदि मौजूद रहीं।