रामकोला थाना क्षेत्र के कुस्मही गांव के एक युवक ने सऊदी अरब में फंसे पिता को मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में पहल करने का आग्रह किया है।
कुस्मही गांव के निवासी रवि प्रताप सिंह के मुताबिक उनके पिता पवन कुमार सिंह रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब की एक कंपनी में कार्य करने गए थे। कंपनी से उनका एग्रीमेंट दो साल का था, जो लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही समाप्त हो चुका है।
रवि ने बताया कि उनके पिता ने घर आने के लिए अपना आवेदन पत्र समय पर दे दिया था, लेकिन तब से कंपनी उन्हें न तो घर आने दे रही है और न ही वेतन का भुगतान कर रही है। रवि के मुताबिक उनकी मां की तबीयत ज्यादा खराब है। पीजीआई लखनऊ में उनका इलाज चल रहा है, लेकिन उसके लिए रकम का प्रबंध नहीं हो पा रहा है। उनके पिता ही परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य हैं।