अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के गांव हासखोर निवासी साधु शरण श्रीवास्तव ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित साधु शरण श्रीवास्तव ने हाटा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। डीएम व एसपी ने अहिरौली बाजार पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। तहरीर के अनुसार, बरवा छत्तरदास निवासी अनिल चौरसिया से कुछ वर्ष पूर्व मुलाकात हुई थी। आरोप है कि अनिल चौरसिया ने फर्टिलाइजर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे की मांग की। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने अपने भतीजे की नौकरी के लिए आरोपी की पत्नी के खाते में 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए और 50 हजार रुपये नकद दिए। काफी समय बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर जब पैसा वापस मांगा गया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरोपी अनिल चौरसिया और रमेश चौरसिया के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मामले की जांच की जा रही है।