मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बांसी चौकी से होकर शराब की बड़ी खेप गुजर गई और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बुधवार को बिहार के आबकारी विभाग बगहा और धनहा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 4320 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। यह ट्रक पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बिहार बाॅर्डर पर स्थित बांसी चौकी होते हुए बिहार में प्रवेश कर रहा था। बांसी चौकी को पार कर ट्रक के बिहार में प्रवेश करने की जानकारी मिलते ही धनहा थाना पुलिस ने रतवल पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उस पर ऊपर से फर्नीचर लदा था और नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। उत्पाद विभाग की टीम ने जब गिनती की तो कुल 500 पेटी अर्थात 4320 लीटर शराब बरामद हुई। संवाद