मुठभेड़ में चार टप्पेबाज गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
पटहेरवा थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हुई मुठभेड़
घायल टप्पेबाज का पुलिस अभिरक्षा में चल रहा इलाज
पटहेरवा (कुशीनगर)। रविवार की देर रात पटहेरवा थानाक्षेत्र के रामकोला चट्टी के पास पुलिस और टप्पेबाजों के बीच मुठभेड़ हो गई। चार टप्पेबाज गिरफ्तार कर लिए गए। एक के पैर में गोली भी लगी है। उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में चल रहा है। इन टप्पेबाजों के पास तमंचा और कारतूस भी मिले हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 12 बजे पुलिस को बिहार की तरफ से बाइक सवार चार लोग आते दिखे। रोकने पर पुलिस टीम पर फायर शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक घायल हो गया। जबकि अन्य तीन को पुलिस ने धर दबोचा। पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश सिंह ने बताया कि आए दिन बैंकों से रुपये निकालकर जा रहे लोगों से अंतरप्रांतीय गिरोह के टप्पेबाज छिनैती किया करते थे। एक टप्पेबाज राजेश कुशवाहा के दाहिने पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार राजेश कुशवाहा, सुरेश प्रसाद, परमेंद्र कुमार तिवारी निवासी रानीपाकड़, थाना मुफ्फसिल जनपद पश्चिमी चंपारण बिहार व बलिस्टर दास नगर थाना नगर टाउन जनपद पश्चिमी चंपारण बिहार का निवासी है। इनके पास से दो तमंचा, तीन कारतूस, तीन बिना नंबर की बाइक और अन्य सामान बरामद हुआ है। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।