पडरौना। जिला स्टेडियम में बृहस्पतिवार को पांच दिवसीय सांसद खेल महोत्सव शुरू हुआ। महोत्सव के पहले दिन फुटबॉल और बॉक्सींग प्रतियोगिता हुई। इसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद विजय कुमार दूबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी केशव कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। सांसद ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को मंच देकर उनकी प्रतिभाग को देश के सामने लाना है। इसलिए इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभागियों को शामिल होना चाहिए। इसके बाद शुरू हुई सब जूनियर बालक फुटबाॅल प्रतियोगिता में हाटा व पडरौना की टीम के बीच मुकाबला हुआ। इसमें पडरौना की टीम 4-0 गोल से विजयी रही। इसी तरह जूनियर वर्ग में पडरौना व खड्डा के बीच हुई प्रतियोगिता में पडरौना की टीम 4-0 गोल से विजयी रही। पडरौना-खड्डा के बीच हुई सीनियर वर्ग के मुकालबे में पडरौना की टीम 3-0 से विजयी रही। इसी तरह बालिका सब जूनियर वर्ग में रामकोला व पडरौना टीम के बीच हुए मुकाबले में रामकोला की टीम 1-0 से विजेता घोषित हुई।
इसी तरह सब जूनियर बाॅक्सिंग बालिका वर्ग में अनामिका कुशवाहा, आकांक्षा कुशवाहा, वंदना कुशवाहा, लक्ष्मी कुमारी, सब जूनियर वर्ग बालिका वर्ग में हर्षिता कुशवाहा, तेजश्वनी गुप्ता, सृष्टी चौहान, प्रियान्सी कुशवाहा, सब जूनियर वर्ग बालिका वर्ग में मुस्कान प्रजापति, कृति चौबे, सपना कुशवाहा, नंदनी यादव, प्राची चौहान, प्रिया द्विवेदी और सब जूनियर बालक वर्ग में जय साहनी, प्रतीक वर्मा, रामेश्वर कुमार वर्मा, अर्पित कुमार और कृष्णा चौहान ने उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया। अंत में क्रीडाधिकारी रवि निषाद ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया।