बोदरवार की टीम बनी चैंपियन
फुटबूल प्रतियोगिता में अहलादपुर को 1-0 से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। जिला फुटबॉल एसोसिएशन कुशीनगर की तरफ से आयोजित जिला लीग फुटबाल का फाइनल रविवार को एफसी बोदरवार और एफसी अहलादपुर की टीम के बीच हुआ। यह मैच बोदरवार की टीम ने 1-0 से जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। बोदरवार के गोलकीपर सोहन यादव को बेस्ट गोलकीपर, जूनियर ट्रांसपोर्ट क्लब के रोहित को बेस्ट प्लेयर और सादाब को बेस्ट स्कोरर का पुरस्कार दिया गया।
फतेह मेमोरियल इंटर कॉलेज तमकुहीराज के खेल मैदान में हुए फाइनल मुकाबले में 20वें मिनट में बोदरवार के खिलाड़ी ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। उसके बाद दोनों टीमें गोल करने के लिए जूझती रहीं, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। इस तरह बोदरवार की टीम 1-0 से अहलादपुर को हराकर चैंपियन बन गई। आयोजक मंडल की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी एवं प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्द्धन किया गया।
मुख्य अतिथि राजा महेश्वर प्रताप शाही ने दोनों टीमों को शानदार खेल का प्रदर्शन करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत होती रहती है। खिलाड़ी को हार-जीत को क्षणिक पड़ाव समझकर आगे की प्रतियोगिता के लिए कठिन मेहनत करनी चाहिए। इससे उनके लक्ष्य प्राप्ति की राह आसान हो जाती है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता कौशल सिंह ने कहा कि क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों के बेहतरी के लिए ऐसे आयोजनों में हमेशा सहयोग करते रहेंगे। इस दौरान ओपी सिंह, भीम प्रसाद गुप्ता, डॉ. केके गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता, शर्मा चौहान, रामा गुप्ता, प्रभात मिश्रा, नियाज खान, प्रमोद कुमार, तुलसी निगम आदि मौजूद थे।