हादसे में साइकिल सवार की मौत
डाढ़ी टोला के पास मैजिक ने लिया चपेट में
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के बसहिया उर्फ कप्तानगंज गांव के डाढ़ी टोला के पास 38 वर्षीय एक साइकिल सवार मैजिक की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बसहिया उर्फ कप्तानगंज के बभनौली टोला निवासी मोहम्मद सकीम (38) रविवार सुबह करीब 10 बजे सेमरा से कप्तानगंज की तरफ से साइकिल से आ रहे थे। अभी डाढ़ी टोला के पास पहुंचे ही थे कि हाटा की तरफ आ रही मैजिक की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद सकीम को बचाने के लिए जब तक आसपास के लोग वहां पहुंचे, उनकी मौत हो गई थी।
एसओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से मैजिक का चालक फरार है। मैजिक को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, सकीम की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया है। सकीम के परिवार में उसकी पत्नी और क्यामुद्दीन, रियाजुद्दीन व सहाबुद्दीन समेत तीन बेटे हैं। सबसे छोटे बेटे सहाबुद्दीन की दो जून को शादी तय है। क्यामुद्दीन ने बताया कि शादी के लिए सट्टा लिखवाने के लिए पिता सुबह घर से निकले थे।