तमकुहीरोड। सोमवार को गंडक नदी में बढ़े डिस्चार्ज का असर मंगलवार को तमकुहीराज क्षेत्र में दिखने लगा है। सेवरही ब्लॉक के पिपराघाट के कई पुरवों में घरों तक पानी पहुंच गया है। एपी तटबंध पर भी नदी का दबाव बढ़ गया है।
इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार को एक बार गंडक नदी का डिस्चार्ज दो लाख क्यूसेक तक हो गया था। इसके चलते मंगलवार की सुबह सेवरही ब्लाक के गांव परसा उर्फ सिरसिया के मुसहरी टोले में सड़क पर पानी बहने लगा। इस टोला निवासी शंकर, नथुनी, मोहन, विक्रम सहित कई लोगों की झोपड़ी में पानी भर गया। पिपराघाट गांव के हनुमान टोला में चंद्रिका, सुखारी, बुनिया देवी, राजवंशी के घर को जोड़ने वाली कच्ची सड़क पर पानी भर गया। इस गांव के चौकी टोला, उपाध्याय टोला, शिव टोला, इमिलिया टोला, शुकदेव चौराहा, मोती राय टोला सहित अन्य गांवों में भी बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पिपराघाट गांव निवासी पन्नालाल यादव, श्रीकांत सिंह, रामायन राय, अशोक सिंह, हरिहर यादव, सरल शर्मा, रामनिषाद, प्रमोद सिंह आदि का कहना है कि गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि से पिपराघाट के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है।
इस संदर्भ में एडीएम रामकेवल तिवारी का कहना है कि गंडक नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है।