बखिरा में छापेमारी कर सेंपल लेती खाद्य विभाग की टीम।
संतकबीरनगर। खाद्य विभाग की टीम ने खलीलाबाद क्षेत्र के बखिरा से अलग-अलग दुकानों से दूध के तीन सैंपल और एक पनीर का सैंपल संग्रहित किया। जिसे प्रयोगशाला में भेज दिया है। टीम की छापे की सूचना पर अन्य दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर दिए।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर शुक्रवार को सहायक आयुक्त खाद्य के नेतृत्व में टीम ने बखिरा में तीन दुकानों पर छापा मारा। टीम ने दो दुकानों से दूध और एक दुकान से दूध और पनीर का नमूना लिया। सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार ने बताया कि कुल चार सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया और अपनी अपनी दुकानें बंद करने लगे।
छापे के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार, सच्चिदानंद गुप्ता, मिश्रीलाल आदि मौजूद रहे।
पहले भी पनीर में मिल चुकी है मिलावट : खाद्य विभाग की टीम ने 19 अक्तूबर को भुजैनी स्थित एक पनीर फैक्ट्री में छापेमारी की थी। जिसका सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा था। 21 जनवरी को रिपोर्ट आई तो पनीर में पामआयल और पाउडर की मिलावट मिली थी। जिसके बाद खाद्य टीम ने सीेजेएम कोर्ट में वाद दाखिल करने के लिए आयुक्त खाद्य को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। ।