फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: ‘कूड़ा गाड़ी’ से पहुंचा भोजन...भड़के शिक्षकों ने किया हंगामा

Sun, 26 Apr 2026 01:24 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
कुशीनगर : जनगणना प्र​शिक्षण ले रहे कर्मचारियों के लिए इसी गाड़ी से भेजा गया था भोजन। स्रोत-वीडि - फोटो : 1
विज्ञापन
हाटा। जनगणना प्रशिक्षण के दौरान शनिवार को शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए नगर पंचायत की कथित कूड़ा ढोने वाली गाड़ी से भोजन पहुंचाने पर प्रशिक्षुओं और कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। शिक्षकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। भोजन लेने से इन्कार करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर भी तीखे सवाल उठाए। हाटा बीआरसी और सुकरौली नगर पंचायत सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन शनिवार को प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी। जिस वाहन से भोजन पहुंचा, उसे देखकर लोग भड़क उठे। उनका कहना था कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी से भोजन भेजना बेहद संवेदनहीन और स्वास्थ्य के लिहाज से खतरनाक है। शिक्षकों और कर्मचारियों ने इसे अपनी गरिमा के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया। उनका कहना था कि इस तरह की लापरवाही न केवल स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी है, बल्कि प्रशासनिक उदासीनता का भी उदाहरण है।
विज्ञापन

मामले की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार सुनील सिंह मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद स्थिति तो सामान्य हुई, लेकिन अधिकतर कर्मचारियों ने भोजन ग्रहण करने से साफ इन्कार कर दिया। प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से जुड़े कार्यक्रम में इस तरह की अव्यवस्था बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को व्यवस्थाओं में गंभीरता और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें