पडरौना। कोहरे की वजह से अलग-अलग हादसों में छात्र और युवक की मौत
हो गई।
परीक्षा देने जा रहा बाइक सवार छात्र रविवार की सुबह कप्तानगंज के नारायनपुर के पास ट्रक की चपेट में आ गया। वहीं, सेवरही के महाराणा प्रताप चौक के पास शनिवार की रात सिनेमाहॉल के वर्कर की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मथौली प्रतिनिधि के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुधियानी गांव निवासी खालिद (22) पुत्र आजाद नगर पंचायत मथौली बाजार के वार्ड नंबर आठ के अनुरागी देवी महाविद्यालय बहुआस में बीकाॅम प्रथम वर्ष का छात्र था। रविवार की सुबह कप्तानगंज से श्रीमुरलीधर भागवत लाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय मथौली बाजार में परीक्षा देने बाइक से निकला। नारायनपुर गांव के पास सामने से आए ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस ने ट्रक को थाने भेजा और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इसकी दो बहने हैं। मौत की खबर मिलते ही घर वाले बदहवास हो गए। एसओ राजकुमार बरवार ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रक को कब्जे में लिया गया है।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार, सेवरही थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर बगहा के बाबू टोला निवासी शिवम शाही (20) पुत्र सुनील शाही गौरी जगदीश अपने मामा के घर राजपुर बगहा में पत्नी व बच्चे के साथ रहते थे। वह सेवरही के एक सिनेमा घर में नौकरी करते थे। शनिवार की रात करीब दस बजे सिनेमा घर से बाजार में सामान खरीदने गए थे। घना कोहरा होने से बाइक डिवाइडर से टकरा गई। सिर में चोट लगने से वह बेहोश हो गए। पुलिस ने उनको सेवरही सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने हालत गंभीर बताकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और उसका छह माह का एक बेटा रुद्र है। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक घर का अकेला कमाऊ सदस्य था। पुलिस चौकी इंचार्ज सुजीत कुमार भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।