कुशीनगर। 70वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में मोरारी इंटर कालेज सहजनवां में आयोजित मंडलीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कुशीनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु और भार वर्गों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर पांच खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
चयनित खिलाड़ियों में सरस्वती चिल्ड्रन एकेडमी कसया के यश प्रताप और रेयान अंसारी, नवजीवन मिशन स्कूल की श्वेता कुशवाहा, सेंट जेवियर्स हाई स्कूल कसया की श्रेया मिश्रा और रवीश शामिल हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पांच से सात अक्तूबर तक गोरखपुर में आयोजित होगी।
खिलाड़ियों के चयन पर ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों ने खुशी जताते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
एसोसिएशन के वरिष्ठ सचिव दीपक कुमार मद्धेशिया ने कहा कि ताइक्वांडो आत्मरक्षा के साथ ही बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देता है। नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ी जिला स्तर से राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिलाने की अपील की।