पडरौना। होली पर्व पर लोगों को सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की तरफ से जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को विभागीय अधिकारियों ने संदेह के आधार पर कसया, तमकुहीराज और कप्तानगंज में संचालित दुकानों से खाद्य पदार्थों के पांच नमूने एकत्र किए।
सहायक आयुक्त(खाद्य)- द्वितीय प्रदीप कुमार राय ने कहा कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र राय की अगुवाई में चल रहे सघन अभियान के तहत मिठाई की दुकानों एवं खाद्य पदार्थों के निर्माण इकाई की जांच की गई। दुकानदार और कारोबारियों को साफ-सफाई रखने और खाद्य पदार्थों ढककर प्रदर्शित करने और विशुद्ध खाद्य पदार्थ बेचने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मिलावट की आंशका होने पर देवरिया रोड कसया स्थित दुकान से छेना की मिठाई, एनएच-28 चौराहा तमकुहीराज से छेना मिठाई, कप्तानगंज तसहील के पास स्थित दुकान से पनीर, कप्तानगंज स्थित एक दुकान से बूंदी का लड्डू और कप्तानगंज के रामकोला रोड स्थित बभनौली से खोया का नमूना एकत्र किया गया है। उन्होंने बताया कि एकत्र सभी नमूनों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहां से जांच रिपोर्ट मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।