बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते अपर पुलिस अधीक्षक अयोध्या प्रसाद सिंह।
- फोटो : KUSHINAGAR
बाइक चोर गिरोह के सरगना समेत पांच गुर्गे गिरफ्तार
पटहेरवा (कुशीनगर)। स्थानीय पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक सहित कई गाड़ियों का पार्ट बरामद हुआ है। पकड़े गए लोगों को जेल भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अयोध्या प्रसाद सिंह व सीओ तमकुहीराज फूलचंद कन्नौजिया ने पटहेरवा थाने पर पत्रकारों को इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसओ पटहेरवा अतुल्य कुमार पांडेय और एसआई राजेश की अगुवाई में पुलिस टीम ने बाइक चोर गिरोह को पकड़ा है। इस गिरोह का सरगना चंद्रशेखर उर्फ धर्मेंद्र दुबे गांव बकुलहर थाना पटहेरवा का निवासी है। ये लोग चोरी की बाइक को कम कीमत में रमेश गुप्ता निवासी नदवा विशुनपुर थाना पटहेरवा को बेच देते थे। रमेश से इन बाइकों को बट्टू कुरैशी व अट्टू कुरैशी गांव बसहिया थाना कोतवाली पडरौना खरीद लेते थे। अन्य पार्ट्स को फाजिलनगर के मनोज जायसवाल खरीद लेते थे। पकड़े गए इन लोगों की निशानदेही पर तीन बाइक व एक बाइक की चेसिस के साथ ही तीन बाइक की टंकी व अन्य पार्ट्स भी मिले हैं। पकड़े गए चंद्रशेखर उर्फ धर्मेंद्र, रमेश, अट्टू, बट्टू व मनोज के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी पांचों को जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि पटहेरवा पुलिस के द्वारा चोरी के इस बड़े रैकेट के खुलासे को लेकर पुलिस अधीक्षक से पुरस्कार दिलाने की अनुशंसा की जाएगी।
नई गाड़ी भी कबाड़ में देते थे बेच
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। बाइक चोरों का गिरोह बड़े ही व्यवस्थित ढंग से अपना काम कर रहा था। पुलिस के पर्दाफाश में यह बात सामने आई कि चोरी की गाड़ियों का पार्ट्स भी अलग-अलग कर बेचते थे, जिससे कि किसी को कोई शक न हो। इस गिरोह का सरगना मास्टर चाभी से किसी भी बाइक का लॉक खोलकर आसानी से चुरा लेता था। इसे वह औने पौने दाम में एक कबाड़ी को बेच देता था। कबाड़ी गाड़ी के पार्ट्स को अलग-अलग करके अन्य दुकानदारों को बेंचता था। अलग-अलग पार्ट के तौर पर बिकने के चलते गाड़ियों का कहीं पता ही नहीं चल पाता था। यहां तक गाड़ी के एल्युमिनियम वाले पार्ट को बर्तन विक्रेता से बेचते थे, जिस पर किसी को शक ही नहीं हो सकता था।