पडरौना। नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की तरफ से हाईटेक व्यवस्था की गई है। अब जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों के फिटनेस की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। अनफिट वाहनों का संचालन रोकते हुए प्रबंधकों को नोटिस भी दिया जाएगा।
स्कूली वाहनों की ऑनलाइन निगरानी के लिए विभाग की तरफ से इंटीग्रेटेड स्कूल वाहन मॉनीटरिंग (आईएसवीएम) पोर्टल लॉन्च किया गया है। इस पर जिले में संचालित सभी छोटे-बड़े स्कूल वाहनों की फिटनेस से संबंधित ब्योरा दर्ज किया जाएगा। परिवहन विभाग के अनुसार, जिले में 1667 छोटे-बड़े स्कूल वाहनों का संचालन किया जा रहा है। पंजीकृत सभी वाहनों का हर साल फिटनेस कराना अनिवार्य होता है।
पहले फिटनेस से संबंधित सभी दस्तावेज विभाग में जमा करने होते थे और विभागीय अधिकारियों के सत्यापन के बाद फिट-अनफिट का निर्धारण किया जाता था। अब सभी ब्योरा ऑनलाइन दर्ज होने के बाद शासन स्तर से निगरानी की जाएगी। सभी स्कूल संचालकों को 15 अप्रैल तक ऑनलाइन ब्योरा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
मोटरयान निरीक्षक आरडी प्रसाद वर्मा ने बताया कि इंटीग्रेटेड स्कूल वाहन मॉनीटरिंग पोर्टल पर सभी स्कूल वाहन संचालकों को की आईडी बनानी होगी। उसी आईडी पर वाहन संख्या, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, बीमा, ड्राइवर का लाइसेंस, ड्राइवर का चरित्र प्रमाण पत्र व प्रदूषण सर्टिफिकेट सहित अन्य विवरण फीड करना होगा।
डाटा फीड करने के लिए 15 अप्रैल तक का मौका दिया गया है। 16 अप्रैल से विभागीय टीम वाहनों की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन मॉनीटरिंग से वाहनों के संचालन में पारदर्शिता आएगी।