बांसगांव बलुआडवा में आग लगने से जलती झोपड़ी।स्रोत-सोशल मीडिया
दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव टोला बलुआडवा में बुधवार शाम करीब पांच बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने 33 घरों को जलाकर राख कर दिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि यूपी के 27 और बिहार के छह परिवारों के आशियाने चंद घंटों में राख हो गए। बृहस्पतिवार को घटनास्थल पर तबाही का मंजर देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
बताया गया कि बलुआडवा टोला निवासी शिव पासवान के झोपड़ी नुमा घर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जो तेज हवा के चलते तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आसपास के घर भी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने यूपी और बिहार की पुलिस व फायर ब्रिगेड की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि बगल के करीब 20 एकड़ के सरकारी जंगल तक आग नहीं पहुंची, वरना हालात और भयावह हो सकते थे। आग बुझने के करीब आधे घंटे बाद उठी चिंगारी से बिहार के डीही पकड़ी गांव में भी छह घर जल गए। दोनों राज्यों की फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से आग पर काबू पाया। तब तक घरों में रखा अनाज, कपड़े, गहने और नगदी समेत पूरा सामान जलकर राख हो गया।
घटना के दूसरे दिन भी पीड़ितों को पर्याप्त राहत नहीं मिल सकी। बृहस्पतिवार की दोपहर तक प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे खेतों में रहने को मजबूर रहे। आरोप है कि दोपहर एक बजे तक ग्राम प्रधान की ओर से केवल चाय और सूखा नाश्ता ही उपलब्ध कराया गया, जबकि भोजन की व्यवस्था में देरी होती रही। बच्चे भूख से बिलखते नजर आए और बुजुर्ग भीषण गर्मी में बेहाल दिखे। पीड़ित ममता देवी ने आरोप लगाया कि बिहार के प्रभावितों को राहत सामग्री मिल रही है, जबकि यूपी के लोगों को सुबह से केवल चाय और सूखा दिया गया। वहीं रामचंद्र ने कहा कि दोपहर तक प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस राहत नहीं पहुंची, जिससे लोग भूख से परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।