आग से 120 घर और सामान जले, शख्स घायल
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मड़ार बिंदवलिया गांव के बिंदवलिया टोला में बुधवार को सुबह लगभग साढ़े नौ बजे लगी आग से 120 घर और उनमें रखे सामान जल गए। एक घर में रसोई गैस का सिलेंडर फट गया। धमाका सुनकर भाग रहा व्यक्ति गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में कई लोगों के वाहन तथा जानवर भी जल गए।
इस टोला निवासी सुबाष की झोपड़ी में सुबह करीब साढ़े नौ बजे आग लग गई। पछुआ हवा के चलते ही कुछ ही मिनट में लपटों ने बदरी, नरायन, छट्ठू, दिनेश, धनई, सनोज, विनोद, अनिरुद्ध, अमला, रामनरेश, नवमी, सोहन, राधेश्याम, रीता देवी, रामसुभग, श्रीकांत, बाबूलाल, सेवक,विश्वनाथ, गुड्डू, ओमप्रकाश आदि के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। चारों तरफ चीख पुकार मच गई। लोग अपना सामान घरों में छोड़ किसी तरह से जान बचाकर भागने लगे।
इस दौरान एक घर में रसोई गैस का सिलेंडर फट गया। तेज आवाज सुनकर भाग रहे अनिरुद्ध नाम के एक ब्यक्ति गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगने की सूचना पर एसओ नवीन सिंह फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुुुंचे। कुछ ही देर बाद एसडीएम संजीव रंजन और सीओ खड्डा आरबी सिंह, कानूनगो कृष्ण मोहन यादव, लेखपाल वीरेंद्र सिंह आदि भी पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने गांव के लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता पाई। आगलगी की इस घटना में कुल 120 लोगों के घर व सामान जल गए।
आगलगी की इस घटना में नरायन का टेंपो, बाबूलाल की बाइक, ओमप्रकाश का ट्रेलर तथा रमाकांत सहित कई लोगों का पंपिंग सेट मशीन व कुछ लोगों की चारा काटने वाली मशीन भी जल गई।
इस घटना की जानकारी होने पर खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी के प्रतिनिधि अंजनी शुक्ला, भोले तिवारी, विजय कुमार मिश्रा, हरिगोविंद रौनियार, ग्रामप्रधान प्रतिनिधि मोतीलाल, पूर्व प्रधान अशोक कुमार, शैलेश दूबे, झुनझुन दूबे आदि लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ितों के लिए कपड़े व भोजन आदि की व्यवस्था में जुटे। बीडीओ नेबुआ नौरंगिया कार्तिकेय मिश्रा, सीडीपीओ विमल चौबे समेत कई अन्य विभागों के अफसर भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।
शादी की तैयारियां लपटों में जलीं
कोटवा बाजार। इस गांव के दिनेश, रामनिवास, रामाश्रेय, जीतू आदि के घर अप्रैल महीने के अंत और मई महीने में शादी व गवना होना है। इन घरों में लगभग सभी तैयारियां हो चुकी थीं। गहने-कपड़ों के अलावा अन्य जरूरी सामान लोगों ने खरीदकर घर में रख लिया था। बुधवार की दोपहर में लगी आग से सब कुछ जलकर राख हो गया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी का पाइप चोरी
खड्डा। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मड़ार विंदवलिया में बुधवार को लगी भीषण आग बुझाने गई खड्डा के फायर ब्रिगेड की गाड़ी का पाइप चोरी हो गया। आग बुझाने में जुटे फायर कर्मी पाइप चोरी होने की घटना से हतप्रभ रह गए। फायर स्टेशन के कर्मचारी राघव शरण पाठक ने बताया कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है। फायर ब्रिगेड का पाइप चोरी होने से आम लोगों की सुरक्षा ही खतरे में पड़ी है।