कसया। तहसील क्षेत्र के सिरसिया खोइया बड़ी में बुधवार को खाली खेत में पुआल जलाने के दौरान निकली चिंगारी से बगल के गन्ने के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शुभनाथ यादव के आठ कट्ठे खेत में खड़ी गन्ने की फसल को चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी फसल जलकर राख हो गई।
शुभनाथ यादव ने बताया कि उन्होंने आठ कट्ठे खेत में गन्ने की फसल थी। बुधवार को बगल के खाली खेत में धान की कटाई के बाद बची पुआल जलाई जा रही थी। इसी दौरान उठी चिंगारी गन्ने के खेत तक पहुंच गई। सूखी पत्तियों के कारण आग तेजी से फैल गई। जानकारी होने पर गांव के लोग और खेत मालिक मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग की सूचना मिलने पर प्रशासन ने भी घटना की जानकारी ली। तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। खेत में पुआल जलाने पर रोक के बावजूद घटना हुई है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।