फाजिलनगर। कस्बे के छोटे ओवरब्रिज के उत्तरी छोर पर शुक्रवार की आधी रात को डीजल की दुकान में आग लग गई। इससे कस्बा में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से आस-पास की आठ अन्य दुकानें जलकर राख हो गई। आगलगी की घटनाओं में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिलनगर कस्बे में शुक्रवार की रात करीब एक बजे छोटी ओवरब्रिज के उत्तरी छोर पर एक डीजल पेटी डीलर के दुकान में भीषण आग लग गई। अगल बगल के लोगों ने दुकान से उठ रहे आग की लपटों को देख शोर मचाना शुरू किया। मौके पर मौजूद लोग पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। जबतक फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचा आग ने जगदीश मद्धेशिया और रंजीत मद्धेशिया की फल की दुकान, मनीष सिंह की बिरयानी की दुकान, गोलू मद्धेशिया की किराने की दुकान, मोहन फूल भण्डार, रहमत अली की कपड़े की दुकान, नागेन्द्र मद्धेशिया की बिरयानी की दुकान सहित आठ अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान वहां खड़ी एक प्लेटिना बाइक भी जल कर नष्ट हो गई। काफी मशक्कत के बाद बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। सभी दुकानों को मिलाकर लगभग करीब पंद्रह लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने क्षति का आकलन किया।