पटहेरवा। क्षेत्र के लवनिया चौराहे पर एक अक्तूबर को हुई सड़क दुर्घटना में घायल चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के जंगल बनवीरपुर निवासी सबीना खातून ने पटहेरवा पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पति पेशे से ड्राइवर हैं। वे बीते एक अक्तूबर को तमकुहीराज से गोरखपुर जा रहे थे। शाम करीब छह बजे लवनिया चौराहे से कुछ पहले उनकी गाड़ी खराब हो गई। उन्होंने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चालक को फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने वहां उनकी गंभीर हालत देखी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दो अक्तूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष पटहेरवा अरुन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। संवाद