रामकोला। स्थानीय थाने में कोर्ट के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल करने के आरोप में प्राथमिक दर्ज किया गया है।
पीड़ित तरकुलवा निवासी नीरज मौर्य के मुताबिक विपुल खेतान से उनकी पुरानी रंजिश है। मामले में नीरज ने गाली-गलौज व मानहानि की शिकायत 1076 पर की थी। इसके बाद से आरोपी लगातार समझौते का दबाव बना रहे थे। नीरज के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब नौ बजे जब वह बाइक से कप्तानगंज जा रहे थे, इस दौरान पगार-चिलवान मार्ग पर विपुल खेतान, गौरव खेतान, मोहित खेतान, आदित्य जायसवाल, सत्यम शर्मा, दिलीप कुमार पर उनकी बाइक रोकने और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग करने लगे।
आरोप यह भी है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें पीटा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे जगदीश, पंकज व अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। मामले में पीड़ित ने थाना और एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। एसओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। घटना की सत्यता की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद