कक्षा आठ की टीसी में हेरफेर कर अलग-अलग जन्मतिथि दर्शाई, जांच में स्कूल के अभिलेख में नाम नहीं मिला
पडरौना। कक्षा आठ की कथित फर्जी टीसी और अलग-अलग दस्तावेज के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। मामले में कुबेरस्थान थाने में एक जालसाज पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पासपोर्ट कार्यालय की जांच में आवेदक के दस्तावेज में जन्मतिथि अलग-अलग पाई गई थी।
पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ की ओर से एक सितंबर को भेजे गए पत्र के आधार पर कुबेरस्थान पुलिस मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि कल्याण छापर, भटवली बाजार निवासी सुजीत कुमार गुप्ता के नाम से दो पासपोर्ट बनवाए गए। पहले पासपोर्ट संख्या एच 9701680 में कक्षा आठ की टीसी लगाई गई थी। बाद में इसके नवीनीकरण के लिए पासपोर्ट कार्यालय पहुंचने पर नवीनीकरण नहीं हो सका तो दूसरे पासपोर्ट संख्या एस 8019443 के लिए हाईस्कूल का अंकपत्र और आधार कार्ड लगाया गया।
जांच में दोनों पासपोर्ट से जुड़े अभिलेखों में नाम, पिता का नाम और पता तो समान मिला लेकिन जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज थी। एक दस्तावेज में जन्मतिथि 15 जनवरी 1987 और दूसरे में 14 फरवरी 1995 दर्ज मिली। जांच के दौरान राम नारायण लघु माध्यमिक विद्यालय कठकुइयां से संबंधित टीसी की भी पड़ताल की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने लिखित प्रमाण पत्र देकर बताया कि छात्र पंजीका क्रमांक 1098 पर सुजीत कुमार गुप्ता नाम का कोई विद्यार्थी पंजीकृत नहीं है।
जांच में यह भी पता चला कि पासपोर्ट बनवाने के लिए कथित तौर पर कक्षा आठ की कूटरचित टीसी का इस्तेमाल किया गया। उपनिरीक्षक महेश कुमार चौबे की तहरीर पर सुजीत कुमार गुप्ता पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। सीओ पडरौना राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना पुलिस कर रही है।