पुरानी रंजिश में रास्ते में घेरकर मारपीट और 850 रुपये छीनने का आरोप, न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
गोड़रिया। पुरानी रंजिश के चलते एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि उन्हें पत्थर पर पटककर उनका बायां कूल्हा तोड़ दिया गया और जेब से 850 रुपये भी छीन लिए गए। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कसया थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ दिलीपनगर अचलपट्टी लाला टोला निवासी रघू पटेल ने बताया कि 26 मार्च 2026 की सुबह करीब छह बजे वह साइकिल से अपनी बेटी के घर सिकटिया जा रहे थे। पडरौना-मडूरही गांधी चौक से ब्लॉक की ओर मुड़कर लक्ष्मण के गोदाम के पास उन्हें रोका गया।
मनोज, कुलदीप, केशव जायसवाल और उज्ज्वल ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और थप्पड़ों से पिटाई की। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शोर सुनकर सुदामा और महेंद्र पटेल समेत अन्य लोगों ने बुजुर्ग को बचाया। घटना के बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण हुआ और इलाज चल रहा है। रघू पटेल का आरोप है कि थाने पर शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पंजीकृत डाक से शिकायत भेजी लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर विशुनपुरा पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसकी पुष्टि थानाध्यक्ष शनि कुमार जावला ने की।