संतकबीरनगर/ तिघरा। बखिरा थाने की पुलिस ने ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में एसिड फेंकने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
नगर पंचायत बखिरा के मोहल्ला पठान टोला मोहल्ला में दरवाजे पर मुर्गी के लिए बीट करने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। घटना में एक महिला व उसके दो बेटे व एक पुत्री झुलस गए। घटना में झुलसी एक महिला की गंभीर अवस्था देखकर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। सोमवार को बखिरा पुलिस ने आरोपी पिता तथा दो बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। एसओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि घटना रविवार की रात लगभग 9:15 बजे के आसपास की है।
घटना की सूचना के बाद वह सीओ सर्वदवन सिंह, चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। प्रथम पक्ष की अमीरुन्निशा पत्नी मोहम्मद यासीन, फिरोज व अफरोज पुत्र मोहम्मद यासीन व आसमा पुत्री मोहम्मद यासीन तथा गुलाम हुसैन पुत्र अब्दुल मजीद तथा उनके दो बेटों मंसूर अली व मसकूर अली के मध्य मुर्गी के बीट को लेकर मारपीट हुई। मंसूर अली के पक्ष की तरफ से अमीरुन्निशा व उसके परिवार के सदस्यों के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया गया।
जिससे अमीरुन्निशा गंभीर रूप से तथा उसके दो बेटों व एक बेटी घायल हो गए। चारों को उपचार के लिए सीएचसी मेंहदावल भेज दिया गया।