पडरौना। कप्तानगंज कस्बे के प्रॉपर्टी कारोबारी के भाई को अगवा कर दो लाख रुपये फिरौती वसूलने के आरोपी सभासद संजय पटेल पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की हो चुकी है। इन दिनों वह जेल में बंद है। आरोपी के डर के चलते प्रापर्टी कारोबारी प्राथमिकी नहीं दर्ज करा रहा था।
कप्तानगंज कस्बे के किसान चौक निवासी निखिल मद्धेशिया उर्फ निक्की ने तहरीर में बताया कि वह प्रॉपर्टी खरीदने बेचने का काम करता है। आरोप है कि वार्ड नंबर-11 कुर्मी टोला निवासी सभासद संजय पटेल ने 16 मार्च 2026 को अपने गुर्गों के जरिए सुभाष चौक के पास उसे बुलवाकर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। पीड़ित का आरोप है कि उसने रकम देने से मना किया तो 18 मार्च 2026 को उसके 15 वर्षीय भाई ऋषभ मद्धेशिया का अपहरण कर लिया गया।
भाई की जान बचाने के लिए उसे एक लाख रुपये देने पड़े। इसके बाद अप्रैल माह में भी आरोपियों ने दोबारा एक लाख रुपये जबरन वसूल लिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने अब तक आरोपी संजय पटेल दो लाख रुपये नकद वसूल लिया हैं और जब तक जेल से बाहर था तब तक पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देता रहा। आरोपी सभासद के जेल जाने के बाद निखिल ने पुलिस को तहरीर दिया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सभासद पर अपहरण, फिरौती और जबरन वसूली की प्राथमिकी दर्ज की गई है।