देवरिया। देवरिया से कुशीनगर जाना अब और भी आसान होने वाला है। देवरिया-कसया मार्ग को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। इसको बनाने में पर्यावरण का खास ध्यान रखा गया है। इस सड़क के निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। अब शासनादेश जारी होते ही फोरलेन बनाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके बन देवरिया से कुशीनगर एयरपोर्ट और पडरौना की राह आसान हो जाएगी। इससे समय के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी। इसकी नई डिजाइन के चलते पर्यावरण को भी कम नुकसान होगा। इस फोरलेन के तैयार होने में करीब 345 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।
देवरिया-कसया फोरलेन निर्माण का इस्टीमेट बनाकर 28 जुलाई को शासन में मंजूरी के लिए भेजा गया था। इसकी समीक्षा में विभागीय उच्चाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के तकनीकी सलाहकार से परामर्श लेने की सलाह दी। इस पर पांच अगस्त को लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने तकनीकी सलाहकार वीके सिंह के सामने इस आगणन को रखा। इसमें तकनीकी सलाहकार ने सड़क की चौड़ाई को घटाने का निर्देश देते हुए नया प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
इसके बाद लोक निर्माण विभाग नए सिरे से प्रस्ताव तैयार कर शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया। इस नए प्रस्ताव में 31.50 किमी लंबी सड़क की चौड़ाई को तीन मीटर घटा दिया गया। इससे सड़क निर्माण की लागत 390 करोड़ रुपये से 45 करोड़ रुपये घटकर 345 करोड़ रुपये हो गई। अब इस शासन की वित्त व्यय समिति ने स्वीकृति दे दी है। इसके बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। अब बस शासन से आदेश आने की देरी है। इसके बाद सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
गंडक नदी पर बनेगा सौ मीटर लंबा पुल : देवरिया-कसया फोरलेन पर रामपुर कारखाना के आगे गंडक नदी पर 100 मीटर लंबे दो लेन के पुल का निर्माण किया जाएगा। इसे उत्तर प्रदेश सेतु निगम बनाएगा। अभी यहां एक दो लेन का पुल है। अब नया पुल वर्तमान पुल के दक्षिण में तैयार किया जाएगा।
15 मीटर चौड़ी बनेगी सड़क, दो मीटर का होगा डिवाइडर
देवरिया-कसया फोरलेन के पहले प्रस्ताव में सड़क की चौड़ाई को 18 मीटर रखा गया था। इसमें एक ओर नौ मीटर और दूसरी ओर नौ मीटर की चौड़ाई रखी गयी थी। डिवाडर की चौड़ाई दो मीटर रखी गयी थी। उत्तर प्रदेश के तकनीकी सलाहकार वीके सिंह के निर्देश के बाद इसकी चौड़ाई को तीन मीटर कम कर दिया गया है। इससे अब सड़क चौड़ाई घटकर 15 मीटर रह गई है। इस तरह डिवाइडर के एक तरफ 7.50 मीटर और दूसरी ओर भी 7.50 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी। बीच में दो मीटर का डिवाइडर बनेगा।