मारपीट में दूल्हा-दुल्हन समेत दोनों पक्ष के कई लोग हुए चोटिल
जयमाल कार्यक्रम के दौरान छींटाकशी पर बिगड़ी बात
रजवटिया गांव में ब्रह्मपुर गांव से आई थी बरात, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हुई शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। थाना क्षेत्र के रजवटिया गांव में शुक्रवार की रात आई बरात में द्वारपूजा के दौरान महिलाओं के साथ हुई छींटाकशी का मामला जयमाल कार्यक्रम तक मारपीट में तब्दील हो गया। स्टेज पर भी हाथापाई हुई। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन समेत बराती व घराती पक्ष के 15 से अधिक लोग चोटिल हो गए। शादी में बवाल की सूचना पर पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची तब जाकर किसी तरह से मामला शांत हुआ। किसी तरह से समझा-बुझाकर शादी की रस्म पूरा कराई गई। एक पक्ष ने पटहेरवा थाने में तहरीर भी दी है।
रजवटिया गांव के एक व्यक्ति के घर शुक्रवार की रात में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव से बरात आई थी। द्वारपूजा के दौरान महिलाओं पर छींटाकशी की बात को लेकर घराती पक्ष के कुछ लड़कों व बराती पक्ष के कुछ लड़कों में कहासुनी हो गई। इधर, लोग जयमाल की तैयारी में जुट गए और उधर, गांव में बराती पक्ष के लड़कों ने घराती पक्ष के एक लड़के की पिटाई कर दी। जयमाल कार्यक्रम के दौरान भी छींटाकशी चलती रही। इसको लेकर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में दूल्हा-दुल्हन सहित घराती व बराती पक्ष के 15 से अधिक लोग चोटिल हुए। कई बराती व शादी कराने वाले पंडित व अन्य लोगों ने इधर-उधर छिपकर खुद को बचाया। बवाल की सूचना डॉयल 112 को दी गई तो एसओ फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराए। पुलिस की मौजूदगी में आनन-फानन शादी संपन्न कराई गई। इस मामले में दुल्हन के पिता ने गांव के ही कई लोगों पर शादी कार्य में बाधा डालने, मारपीट समेत कई आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ पटहेरवा सुनील सिंह ने बताया कि शादी के दौरान अश्लीलता को लेकर मारपीट हुई है। शादी की रस्म सम्पन कराकर पीड़ित पक्ष को थाने बुलाया गया है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।