हर दिन 300 से अधिक लोगों को भोजन दे रहा है नगर पालिका का रोटी बैंक
जरूरतमंदों तक सुविधा पहुंचा रही है पडरौना नगर पालिका
सफाई, सैनिटाइजेशन के साथ बीमारों को अस्पताल पहुंचाने में भी कर रहे मदद
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। ढाई साल पहले जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए पडरौना नगर पालिका की तरफ से स्थापित रोटी बैंक कोरोना संकट काल में बड़ा उपयोगी साबित हुआ है। सुभाष चौक पर स्थापित इस रोटी बैंक से हर दिन करीब तीन सौ लोगों तक पका-पकाया भोजन पहुंच रहा है। इसके अलावा भी नगर पालिका अपने नागरिकों को आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।
कोरोना संकट के दौरान सबसे बड़ी परीक्षा मौजूदा संसाधनों के बेहतर उपयोग और भविष्य को ध्यान में रखकर शुरू की गई योजना की है। बीते एक साल में चाहे बीमारी से जूझ रहे लोगों को अस्पताल में बेहतर इलाज दिलाने की बात रही हो या फिर लॉकडाउन के दौरान घर-घर राशन का प्रबंध कराना हो, जहां संसाधनों का बेहतर उपयोग हुआ है, राहत वहीं के लोगों को मिली है। इस मामले में पडरौना नगर पालिका भी अच्छा प्रयास कर रही है। नगर पालिका के चेयरमैन और ईओ ने सारी व्यवस्था की कमान खुद संभाल रखी है। ऐसे में लोगों को ज्यादा से ज्यादा सहूलियत मिल पा रही है। हालांकि, शिकायतें यहां भी कम नहीं हैं लेकिन उनके समाधान की कोशिश से लोगों का विश्वास बढ़ा है। पडरौना नगर पालिका की तरफ से सुभाष चौक पर स्थापित रोटी बैंक के जरिए हर दिन 300 से अधिक लोगों को पका-पकाया भोजन दिया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल बताते हैं कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान नगर पालिका क्षेत्र में हर दिन सफाई, फॉगिंग व सैनिटाइजेशन कराया है। कंटेनमेंट जोन में हर दिन सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। इसके अलावा नगर पालिका की तरफ से एक गाड़ी का निशुल्क संचालन किया जा रहा है। इस गाड़ी से अगर किसी के घर में मरीज को अस्पताल ले जाने का संसाधन नहीं है, उसे अस्पताल भेजा जाता है। इसका प्रयोग गर्भवती महिलाओं को भी अस्पताल पहुंचाने व टीकाकरण के लिए लोगों को बूथ तक पहुंचाने में भी होता है। इसके अलावा नगर पालिका ने टोल फ्री नंबर भी शुरू किया है, जिस पर लोग अपनी शिकायत या सूचना दे सकते हैं। 24 घंटे एक्टिव इस नंबर पर आई कॉल को अटेंड कर तुरंत कार्रवाई होती है। इसके अलावा कोरोना संक्रमित मरीजों के मुहल्ले में निशुल्क मेडिकल किट भी भेजी जा रही है।
मंदिरों में भेज रहे राशन
नगर पालिका अध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान लोग मंदिर नहीं जा रहे हैं, जिसके चलते वहां रहने वाले साधु-व पुजारी लोगों के सामने भोजन का संकट है। इसको देखते हुए नगर पालिका ने अपने क्षेत्र के प्रत्येक मंदिर में 11 किलो चावल, 11 किलो आटा, पांच किलो आलू, दो लीटर तेल, दो किलोग्राम चीनी, 250 ग्राम चायपत्ती, नमक, मसाला आदि का पैकेट बनाकर पहुंचाया है। जरूरत पड़ने पर वहां और सामग्री भेजी जाएगी।
नगर पालिका पडरौना के जरूरी नंबर
टोल फ्री नंबर 18002709999
अध्यक्ष-विनय जायसवाल 9838643079
अध्यक्ष प्रतिनिधि-(बुलबुल) 9839745642
ईओ 9670888101
जलकल 9450468691
सफाई 9125336141
बिजली 9721974550