लाइनहाजिर एसओ व निलंबित एसआई में हुई मारपीट
नेबुआ नौरंगिया थाने का मामला
एक पेट्रोल पंप से 50 लीटर डीजल मांगने को लेकर हुई कहासुनी का वीडियो हुआ था वायरल
इसके बाद एसआई का इसी पेट्रोल पंप पर पिस्तौल लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ था
संवाद न्यूज एजेंसी
नेबुआ रायगंज। क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप से पहले 50 लीटर तेल चंदा मांगने को लेकर एसओ का एक ऑडियो वायरल हुआ। इसके बाद इसी पंप पर पिस्तौल लहराकर लोगों को डराने का एसआई का एक वीडियो वायरल हुआ। मामले में उच्चधिकारियों ने एसओ को लाइनहाजिर व एसआई को निलंबित कर दिया। इसके बाद रविवार को दोनों के बीच थाने में ही आरोप-प्रत्यारोप लगाकर मारपीट हुई।
नेबुआ नौरंगिया एसओ पवन कुमार सिंह कई मामलों को लेकर चर्चा में थे। इसी बीच पंचायत चुनाव के दौरान उनका एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ। इसमें क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप से 50 लीटर तेल चंदा स्वरूप मांगने की बात को लेकर पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष से गाली-गलौज हो रही थी। यह मामला अभी ठंडा पड़ता, इससे पहले ही बीते बृहस्पतिवार की रात में इसी थाने के एक एसआई अजय कुमार सिंह का वीडियो वायरल हो गया। अजय उसी पेट्रोल पंप पर पिस्तौल लेकर ग्राहकों को धमका रहे थे, जिससे चंदा में तेल मांगने का ऑडियो वायरल हुआ था। मामला फिर एसपी तक पहुंचा तो शनिवार की रात में एसपी ने एसओ पवन कुमार सिंह को लाइनहाजिर कर दिया तथा एसआई अजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। रविवार की सुबह सब इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह थाने पहुंचे और अपना मोबाइल गायब कराकर उसमें से जरूरी डॉटा डिलीट करने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर थाना परिसर में ही लाइनहाजिर हुए थानेदार पवन कुमार सिंह और निलंबित एसआई अजय कुमार सिंह में मारपीट होने लगी। करीब एक घंटे तक थाना परिसर अखाड़ा बना रहा। पुलिस कर्मियों के हस्तक्षेप से किसी तरह से मामला शांत हुआ। इसके बाद एसआई अजय कुमार सिंह ने अपने निलंबन के लिए एसओ रहे पवन कुमार सिंह को जिम्मेदार बताते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया में पोस्ट कराया। बाद में अजय सिंह पत्नी को साथ लेकर एसपी से मिलने जिला मुख्यालय गए लेकिन अवकाश के चलते किसी वरिष्ठ अफसर से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। इस संबंध में एएसपी अयोध्या सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप प्रकरण में एसओ पवन कुमार सिंह लाइनहाजिर हो गए हैं जबकि एसआई को पिस्तौल लहराने के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। थाने में दोनों के बीच मारपीट की सूचना मिली है। इसकी भी जांच कराई जा रही है। इस मामले में अलग से कार्रवाई होगी।